सेहत: पानी पीने के तुरंत बाद कुछ लोगों का गला सूखने लगता है। पीने के बाद भी बार-बार पानी पीने की इच्छा होती है। ऐसे में यदि आपको यह चीज मामूली लगती है तो इसको नजरअंदाज न करें। डॉक्टरों के अनुसार, यह लक्षण कोई बीमारी का नहीं होता परंतु आपके शरीर में किसी गड़बड़ी की ओर इशारा कर सकता है।
ज्यादातर मामलों में बार-बार प्यास लगने का कारण डिहाइड्रेशन हो सकता है। मेहनत करना, ज्यादा पसीना, निकलना, धूप तेज होना या नमक वाली चीजों का ज्यादा सेवन करने से भी शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसके अलावा अगर आप ज्यादा कैफीन या शराब पीते हैं तो भी शरीर से पानी निकलता है जिसके चलते आपकी दिक्कत और बढ़ सकती है।
डायबिटीज का हो सकता है लक्षण
एक्सपर्ट्स के अनुसार, बार-बार अगर प्यास लग रही है तो यह डायबिटीज का शुरुआती लक्षण हो सकता है। शरीर में जैसे ही ब्लड शुगर लेवल बढ़ता है तो आपका शरीर पेशाब के जरिए एक्स्ट्रा ग्लूकोज को बाहर निकालने की कोशिश करता है। ऐसे में यदि इस प्रोसेस में शरीर से पानी भी बाहर निकलता है तो इसके कारण भी बार-बार प्यास लग सकती है।
किडनी संबंधी दिक्कतें
अगर किडनी भी शरीर में अच्छे से काम न करे तो भी बैलेंस बिगड़ सकता है। बता दें कि किडनी शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने का काम करती है। ऐसे में यह लक्षण किडनी से जुड़ी दिक्कत का कारण बन सकता है।
मुंह सूखने के कारण
कई बार मुंह में पूरी तरह से लार नहीं बनती जिसके कारण बार-बार प्यास लग सकती है। इसको ड्राई माउथ कहते हैं। इसमें मुंह, गला और जीभ रुखी हो सकती है। कई बार तो इस समस्या में होंठ भी फटने लगते हैं। कुछ दवाईयों के साइड इफेक्ट के तौर पर भी यह दिक्कत हो सकती है।
आखिर कब लें डॉक्टर की सलाह?
यदि यह लक्षण लगातार ही रहता है खासतौर पर ऐसे लोगों में जिनको पहले से ही डायबिटीज, किडनी या फिर हार्मोन संबंधी कोई बीमारी हो तो उसको हल्के में न लें। बच्चों औऱ बुजुर्गों में यह लक्षण ज्यादा गंभीर हो सकता है। ऐसे में समय पर जांच औऱ इलाज जरुर करवाएं।

