कुल्लूः हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक गुफा से दिन में दो बार निकलने वाली बकरी को लोग देवीय चमत्कार मान रहे हैं। यहां पर बकरी को देखने के लिए लगातार फोरलेन के पास भीड़ उमड़ रही है और लोग इसे जोगणी माता की शक्ति मान रहे हैं। दरअसल, बकरी की मौजूदगी को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। लोग इसे सावल महीने में जोगणी मां की जुड़ी आस्था से जोड़कर भी देखने लगे हैं।
ऐसें में बकरी के दर्शन करने के लिए जोगणी माता मंदिर एरिया में फोरलेन परप्रतिदिन लोगों और सैलानियों की खासी भीड़ जुट रही है। जोगणी मंदिर के पास पहाड़ी पर बकरी को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई और सड़क पर जाम जैसे हालात बन गए। कुछ महिलाएं बकरी को देखकर दंडवत प्रणाम भी करने लगी। घटना के चश्मदीद रहे एक शख्स ने बताया कि यह बकरी किसी गडरिये से छूट गई थी और ऐसे में अब भटक गई है और गुफा को इसने अपना आशियाना बना लिया है।
मौके पर पहुंचे एक शख्स ने बताया कि बकरी किसी गद्दी से बिछुड़ गई है और उन्होंने कैमरे से जूम किया तो बकरी के शरीर पर निशान भी है। जो कि आम तौर पर गद्दी अपनी भेड़ों और बकरियों पर लगाते हैं। कौतुहल के बीच दो तीन युवक गुफा तक पहुंचने के लिए पहाड़ी पर चढ़े और इस दौरान बकरी को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन बकरी मौके से भाग गई. जैसे ही बकरी गुफा से निकली तो लोगों ने माता का जयकारा लगाया। इस पर लोग सोशल मीडिया पर युवकों को कोस रहे हैं। उधर, मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और दावा है कि तीन महीने से बकरी दिन में दो बार लोगों को दर्शन देती है।