गुरुग्रामः हरियाणा में आज पूरे प्रदेश में बारिश का अलर्ट है। सुबह से हिसार, महेंद्रगढ़, फतेहाबाद, भिवानी और सिरसा के डबवाली में बारिश हो रही है। पानीपत में बादल छाए हुए है। रोहतक, झज्जर और फरीदाबाद में रात में भारी बारिश हुई, जिससे हालात विकट हो गए। डीएलएफ फेज-2 स्थित वसंत वैली स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। स्कूल परिसर में रिनोवेशन और एक्सटेंशन के दौरान पुरानी बिल्डिंग की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पुरानी बिल्डिंग के रिनोवेशन और एक्सटेंशन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान बारिश शुरू होने पर दोनों मजदूर पुरानी बिल्डिंग की दीवार के पास जाकर बैठ गए। अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के किठौर निवास मृतक सुराज और दयानंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों स्कूल परिसर में पुराने पेड़ों को हटाकर नए पौधे लगाने के कार्य के लिए आए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और हादसे में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।