अमृतसरः पंजाब में अश्लील फोटो वायरल होने से सुर्खियों में आए निहंग जसदीप सिंह अब निहंग बाणा नहीं पहन सकेंगे। जानकारी के अनुसार जसदीप सिंह ने अपनी धार्मिक सजा बीच में ही छोड़ दी है। जिस पर जसदीप ने अपने ककार तक उतारकर बुड्ढा दल को सौंप दिए। इसके बाद बुड्ढा दल के प्रवक्ता ने ऐलान किया कि जसदीप अब कभी निहंग बाणा या दुमाला धारण नहीं कर सकेंगे।
वहीं बुड्ढा दल ने दूसरी निहंग जत्थेबंदियों से भी अपील की कि जसदीप को अब अमृतपान न कराया जाए। इस पूरे घटनाक्रम का सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बुड्ढा दल के एक प्रवक्ता ने कहा कि जसदीप ने मर्जी से ककार उतारे हैं।
आपको बता दें जसदीप सिंह हाल ही में सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने उत्तराखंड में निहंगों का मोर्चा लगाया था। वहां कुछ निहंगों की लोकल लोगों से लड़ाई हो गई थी। जिसके बाद मामला शांत हो गया था। पुलिस और निहंग सिखों में आपसी सहमति बन गई थी।
इसके बाद मोहाली में जब जसदीप का सम्मान किया जाने लगा तो उसी दौरान निहंग विक्की थॉमस ने जसदीप की फोटो वायरल कर दी, जिसमें जसदीप दूसरे निहंग के साथ आपत्तिजनक हालत में दिख रहे थे। बुड्ढा दल की तरफ से निहंग विक्की थॉमस को भी घोड़े की लीद उठाने की सजा दी जा चुकी है।
निहंग विवाद की शुरुआत तब हुई, जब विक्की थॉमस ने सोशल मीडिया पर निहंग जसदीप सिंह की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें साझा की। उन्होंने दावा किया कि तस्वीरों में जसदीप दूसरे निहंग के साथ आपत्तिजनक स्थिति में हैं। इसके बाद करीब 11 मिनट का वीडियो जारी कर 100 से ज्यादा क्लिप होने का दावा किया गया।
ऑडियो कॉल की कथित रिकॉर्डिंग में जसदीप ने नशे की हालत में गलती होने की बात कही। इसके बाद बुड्ढा दल ने उन्हें निहंग बाणा पहनने, दस्तार सजाने और पंथ की अगुवाई से रोकते पंथ में रहकर सेवा करने का आदेश दिया। इसके बाद में जसदीप ने पॉडकास्ट में खुद को माफ किए जाने का दावा किया था।
