बठिंडाः सीआईए स्टाफ और गैंगस्टर में मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस घटना दौरान एक गैंगस्टर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने काबू कर लिया है। वहीं घायल गैंगस्टर को सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक बठिंडा के तलवंडी साबो उपमंडल के गांव जस्सल के पास पुलिस और गैंगस्टर में मुठभेड़ हुई है। पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ किस बात को लेकर हुई, अभी तक इस बात का कोई खुलासा नहीं हो सका, लेकिन यह बताया जा रहा है कि पुलिस किसी मामले में इन बदमाशों के पीछे लगी थी।
तलवंडी साबो में एक गांव के पास पुलिस ने उक्त गैंगस्टरों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस और गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ हो गई। बताया जाता है कि बदमाशों की ओर से भी फायरिंग की गई। जवाबी फायरिंग में एक गैंगस्टर जख्मी हो गया, जिसके टांग में गोली लगी है। डीएसपी तलवंडी साबो बूटा सिंह का कहना था कि इस मामले में सीनियर अधिकारी जांच के बाद पूरा खुलासा करेंगे। घायल गैंगस्टर को बठिंडा की CIA टीम ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। इस समय बठिंडा के सरकारी अस्पताल में बड़ी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।