IAS विवेक चंदेल ने किया शिविर का शुभारंभ कहा रक्तदान महादान
बद्दी,सचिन बैंसल: बददी के निजी स्कूल मलपुर में रोटरी क्लब पिंजौर हिल्स के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम बद्दी के कमिश्नर एवं आईएएस अधिकारी विवेक चंदेल ने किया। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना ओर कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं। शिविर में कुल 102 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जबकि स्वास्थ्य जांच के दौरान 160 से अधिक लोग रक्तदान के लिए योग्य नहीं पाए गए। कार्यक्रम में पवन मदान एवं नीना मदान गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर रोटरी क्लब पिंजौर हिल्स के अध्यक्ष संदीप बोगरा एवं पल्लवी बोगरा ने भी रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
शिविर के दौरान पारस हॉस्पिटल के चिकित्सकों ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच की। डॉक्टरों ने बद्दी क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों में खून की कमी को लेकर चिंता जताते हुए लोगों से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान करने का आह्वान किया। चिकित्सकों ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है। शिविर के दौरान सभी रक्तदाताओं व अतिथियों को स्कूल प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।
स्कूल के फाउंडर चेयरमैन कुलबीर राणा ने रक्तदान शिविर के आयोजन को सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। स्कूल के एम.डी. करणबीर राणा ने रक्तदाताओं, चिकित्सकों और रोटरी क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। स्कूल की प्रधानाचार्या दिव्या राणा ने कहा कि विद्यार्थियों और अभिभावकों सहित समाज के लोगों को सामाजिक सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने रक्तदान शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया।
इस दौरान स्कूल की उप प्रधानाचार्या नैन्सी हांडा और स्कूल समन्वयक बबली जांगड़ा ने व्यवस्थाओं को संभाला। शिक्षकों सोनाली, सुनीता बिष्ट, सपना ठाकुर, अनवर और सुनील कुमार ने भी शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया। जबकि ग्राम पंचायत लेही के प्रधान बलबीर सिंह बल्लू, हिमांशु, विषु चौबे, गौरक्षक कमल चौधरी, अभी चौधरी, राधे चौधरी, प्रभजीत, सचिन, गिरधारी लाल समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।