मुजफ्फरपुरः बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ इलाके की है, जहां रोहुआ बाजार के पास दिनदहाड़े बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दरअसल, गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय प्रभात कुमार मिश्रा उर्फ अंकित कुमार निवासी महुआ जिला वैशाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मुशहरी के प्रहलादपुर स्थित अपने मामा के घर में रह रहा था। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने युवक को निशाना बनाकर करीब पांच गोलियां मारीं। गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार प्रेम प्रसंग में शादी करने के बाद वह मुसहरी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। वह जमीन के कारोबार से जुड़े हुए थे और शुरुआती जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभात कुमार किसी काम से रोहुआ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई। इसके बाद एक अपराधी बाइक से उतरा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मुसहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिसमें एक बाइक पर दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। इस मामले में सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि बाइक सवार दो अपराधियों ने युवक को कई गोलियां मारी हैं। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
