मोहालीः जिले के खरड़ विधानसभा क्षेत्र स्थित सनी एन्क्लेव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के अंदर 35-36 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश बरामद हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही खरड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या या अन्य किसी कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में भी जुट गई है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
घटना के दौरान एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई। जानकारी के मुताबिक, फोरेंसिक टीम को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। इतना ही नहीं, शव को अस्पताल ले जाने के लिए समय पर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी नहीं हो पाई जिसके चलते पुलिस को मजबूरन शव को तिपहिया वाहन (टैम्पो) में रखकर खरड़ के सिविल अस्पताल के मुर्दाघर तक पहुंचाना पड़ा।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, इलाके के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
