उत्तर प्रदेश: मऊ जिले से एक वीडियो सामने आया है। इस वायरल वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पनियरा में स्थित एक पेट्रोल पंप पर रात के समय एक कर्मचारी का मोबाइल चोरी हो गया। इसकी पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में चोरी करने वाला शख्स वर्दी में दिख रहा है।
इससे लोगों में आक्रोश और अविश्वास फैल गया है। सोशल मीडिया पर जब से वीडियो वायरल हुआ है। इससे पुलिस की भूमिका और जवाबदेही को लेकर लोगों की प्रक्रियाएं सामने आ रही हैं। बता दें कि यह मामला मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पनियारा इलाके का है। यहां एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाला कर्मचारी रात में ड्यूटी के बाद वहीं सो गया था।
पीड़ित के मुताबिक, वह अपना मोबाइल सिरहाने रखकर सोया था लेकिन सुबह जागने पर मोबाइल गायब मिला। पहले तो कर्मचारी को समझ नहीं आया कि मोबाइल कहां गया लेकिन बाद में चोरी की आशंका गहराने लगी। मोबाइल गायब होने के बाद पेट्रोल पंप पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
फुटेज में जो दृश्य सामने आया उसने सभी को चौंका दिया। वीडियो के अनुसार, रात के करीबन 4:25 एक बाइक सवार पेट्रोल पंप के सामने आकर रुकता है। वह कुछ देर तक इधर-उधर नजर दौड़ाता है फिर सो रहे कर्मचारी के पास पहुंच जाता है।
फुटेज में नजर आता है कि आरोपी कुछ पल आस-पास की स्थिति भांपने के बाद कर्मचारी के सिरहाने रखा मोबाइल उठाता है। उसे जेब में रखता है और बिना किसी हड़बड़ी के मौके से फरार हो जाता है। पूरी वारदात कुछ ही सैंकेंड में खत्म हो जाती है। इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि सीसीटीवी फुटेज में मोबाइल चोरी करता हुआ दिख रहा है। व्यक्ति वर्दी पहने नजर आ रहा है। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि वह पुलिसकर्मी है या किसी अन्य विभाग की वर्दी में परंतु वर्दी में दिखने के कारण लोगों के मन में तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स अपनी तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि – जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो आम आदमी जाए तो कहां जाए? कुछ लोगों ने सीधे तौर पर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि वर्दी वाला ही चोरी करेगा तो जनता की सुरक्षा कौन करेगा? कुछ न तंज कसते हुआ वर्दीधारियों की जवाबदेही पर सवाल उठा दिए हैं।
इस पूरे मामले पर अब तक पुलिस का ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि इससे जुड़े अधिकारी होमगार्ड परीक्षा की व्यस्तता के चलते प्रतिक्रिया नहीं दे पाए हैं हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर लोग जांच की मांग कर रहे हैं।
