मोहालीः बलौंगी थाना क्षेत्र में 800 रुपए के लेन-देन को लेकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीएसपी खरड़-1 ईशान सिंगला और थाना बलौंगी प्रभारी इंस्पेक्टर पेरीविंकल ग्रेवाल ने इसकी पुष्टि की है। मामले में रवि निवासी आजाद नगर बलौंगी ने शिकायत दी थी कि 17 मई की रात उसका भाई अभि गली में अनिल, छोटू और एक अन्य व्यक्ति के साथ बातचीत कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और तीनों ने मिलकर उसके भाई पर हमला कर दिया। झगड़े के दौरान एक आरोपी ने चाकू से अभि की बाईं तरफ छाती में वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत सिविल अस्पताल फेज-6 मोहाली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरा विवाद 800 रुपये की दिहाड़ी के लेन-देन को लेकर हुआ था। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छोटू और राम रतन, निवासी जिला मैनपुरी (उत्तर-प्रदेश) हाल निवासी आजाद नगर मोहाली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने राम रतन से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी अनिल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।
