औरंगाबादः बिहार के औरंगाबाद में वीरवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। जहां ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ये घटना NH-19 पर नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के पास की है। मृतकों में पिता, उनका आठ वर्षीय मासूम बेटा और ससुर शामिल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर सदर अस्पताल तक चीख-पुकार मची रही।
मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है। वहीं हादसे में भगवान दास के बेटे नीतीश चौहान और राजकुमार की पत्नी किरण कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गयाजी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक राजकुमार चौहान मुंबई में नौकरी करते थे। वो अपनी पत्नी किरण कुमारी और बेटे रितेश के साथ मुंबई से बस के जरिए बनारस पहुंचे थे। वहां से अपने गांव सलेमपुर (नवादा) जाने के लिए उन्होंने स्कॉर्पियो से आगे का सफर शुरू किया। इस दौरान उनके साथ ससुर भगवान दास और साले नीतीश चौहान भी मौजूद थे। परिवार को उम्मीद थी कि कुछ घंटों में सभी अपने घर पहुंच जाएंगे, लेकिन रास्ते में ही काल बनकर आए हादसे ने परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे स्कॉर्पियो रतनुआ पेट्रोल पंप के पास पहुंची, तभी उसकी ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे में भगवान दास और मासूम रितेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सड़क पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव की कोशिश शुरू की।
