मोहालीः खरड़ के वार्ड नंबर 16 में बारिश के बाद एक घर में सीवर का पानी घुसने से दर्दनाक हादसा हो गया। घर में बेड पर अपनी मां के साथ सो रहा करीब 2 साल का बच्चा अचानक नीचे भरे पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, हादसे के समय बच्चा अपनी मां के साथ बेड पर सो रहा था। इसी दौरान उसकी मां किसी काम से छत पर चली गई। पीछे से बच्चा बेड से नीचे घर में भरे पानी में गिर गया। कुछ देर बाद मां ने नीचे आकर बच्चे को पानी में गिरा देखा और तुरंत उसे बाहर निकाला।
परिजनों ने बताया कि बच्चे की सांस रुक चुकी थी। इसके बाद परिवार ने आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। आसपास के लोगों ने भी घटना पर दुख जताया। परिवार का आरोप है कि यदि इलाके में जल निकासी की उचित व्यवस्था होती तो यह हादसा नहीं होता।