जीरकपुर: शहर के जीरकपुर पटियाला रोड स्थित ए.के.एस.-1 कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मकान नंबर 227 में फ्रिज में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन गली में प्रवेश करते समय बिजली के खंभों पर लटक रही केबल की तारों में फायर ब्रिगेड की गाड़ी फंस गई। इस कारण गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हुई और आग से नुकसान बढ़ गया।
मकान मालिक ने बताया कि अगर ये लटकती तारें नहीं होतीं तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर घर तक पहुंच जाती और उनका काफी नुकसान होने से बच सकता था। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि या तो फायर ब्रिगेड के बेड़े में छोटी गाड़ियां शामिल की जाएं, ताकि वे संकरी गलियों में आसानी से पहुंच सकें, या फिर सड़कों और गलियों में लटक रही तारों का स्थायी समाधान किया जाए।
गौरतलब है कि जीरकपुर में कई जगहों पर बिजली के खंभों से बड़ी संख्या में केबल की तारें अवैध रूप से लटकाई गई हैं। कई स्थानों पर तारों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि उनके भार से बिजली के खंभे तक झुक गए हैं। इन तारों के गिरने का खतरा भी हर समय बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि केबल की इन तारों के मायाजाल को हटाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से लोगों की जान-माल को खतरा न हो।