ऊना/सुशील पंडित: राजस्थान के एक व्यक्ति ने स्कॉर्पियो गाड़ी एक एजेंट को नंबर प्लेट और आरसी बनवाने के लिए दी थी। एजेंट गाड़ी लेकर तो गया लेकिन आजतक लौटा नहीं है। मामला अब पुलिस के पास पहुंच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयपुर के वैशाली नगर निवासी मेहुल बंसल पुत्र मनोज कुमार बंसल ने गाजियाबाद के रहने वाले मधुर कौशाल को आरसी बनवाने व नम्बर प्लेट लगवाने के लिए गाड़ी दी थी। मेहुल ने पुलिस को बताया है कि उसे जानकारी मिल रही है कि मधुर कौशल ने किसी रिंकल कसाना को आगे गाड़ी दे दी है। गाड़ी की लोकेशन उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद बताई जा रही है। मेहुल इस ठगी से आहत होकर अब ऊना पुलिस के पास पहुंचा है। उसका आरोप है कि एक सेवा के लिए गाड़ी लेकर गया एजेंट आजतक क्यों नहीं लौटा। पुलिस ने भी भारतीय दंड संहिता की धारा 406 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
