6.5 लाख की नगदी और हथियार बरामद
गाजियाबादः दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में आरडीसी स्थित तनिष्क शोरूम से हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के में शोरूम का कर्मचारी नितिन वर्मा, प्रेमिका काजल वर्मा और पिता संजय वर्मा शामिल है। पुलिस के मुताबिक यह चोरी नितिन और काजल की शादी के लिए पैसे जुटाने के मकसद से की गई थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 3.10 करोड़ रुपये मूल्य का सोना, साढ़े छह लाख रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नितिन वर्मा शोरूम में कर्मचारी था और सुरक्षा व्यवस्था से लेकर स्टाफ की गतिविधियों तक की पूरी जानकारी रखता था। इसी का फायदा उठाकर उसने अपने पिता संजय वर्मा और प्रेमिका काजल के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।
जांच में सामने आया कि चोरी की योजना पहले से तैयार थी। 11 जून की शाम नितिन ने शोरूम के कर्मचारियों को अपनी शादी तय होने की खुशी में पार्टी देने का बहाना बनाया। इस पार्टी का असली मकसद चाबी तक पहुंच बनाना था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे जल्द अमीर बनना चाहते थे और अपनी लग्जरी लाइफ के सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने यह वारदात की। नितिन को शोरूम की कार्यप्रणाली की पूरी जानकारी थी, इसलिए उसने किसी बाहरी गैंग की मदद लेने के बजाय अपने करीबी लोगों को ही शामिल किया। डीसीपी के अनुसार, नितिन ने मुख्य कस्टोडियन और कैशियर गौतम राज को जरूरत से ज्यादा शराब पिला दी। बाद में उसे घर छोड़ने के दौरान उसके बैग से शोरूम के मुख्य दरवाजों की चाबियां निकाल लीं।
पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो सुबह के समय नितिन की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने अवंतिका चौकी क्षेत्र के चिरंजीव विहार स्थित साईं फाटक के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के समय आरोपी चोरी किए गए बचे हुए जेवरातों को बेचने की फिराक में थे। पकड़े जाने के डर से उन्होंने जेवरातों का आपस में बंटवारा भी कर लिया था और कुछ जेवरात अनजान लोगों को बेचकर नकदी जुटाने की कोशिश की थी। हालांकि पुलिस ने अधिकांश चोरी का माल बरामद कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। 12 जून की सुबह करीब 7:15 बजे नितिन अपने एक साथी के साथ शोरूम पहुंचा। उसने चोरी की गई चाबी से ताला खोला और तिजोरी में रखे सोने के जेवरात लेकर फरार हो गया। उसी दिन सुबह शोरूम मालिक रोहित अरोड़ा को चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामला सामने आते ही पुलिस की कई टीमों को जांच में लगाया गया।
