चंडीगढ़ः शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब अलग-अलग सेक्टरों में स्थित 5 नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। इसी के साथ ही ईमेल में सेक्रेटेरिएट और 2 फ्लाइट्स भी नाम लिखा हुआ हैं। सेक्टर-49 स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-45 के सेंट स्टीफन स्कूल, सेक्टर-41 के अजित करम सिंह स्कूल, सेक्टर-32 के सॉंपिन्स स्कूल और सेक्टर-26 के सेंट जॉन स्कूल को धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और स्कूल परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
घटना के समय स्कूल में बच्चे प्रेयर के बाद अपनी-अपनी कक्षाओं में बैठे थे। इसी दौरान अचानक भारी पुलिस बल के पहुंचने से स्कूल स्टाफ और बच्चे घबरा गए। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को शांत रहने और सहयोग करने की अपील की।
एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर के अंदर और बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम ने स्कूल के हर कोने की बारीकी से जांच शुरू की। कक्षाओं, गलियारों, पार्किंग, स्टोर रूम और खुले इलाकों की गहन तलाशी ली जा रही है। किसी भी संदिग्ध वस्तु की पहचान के लिए विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर तैनात है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
स्कूल के बाहर भी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। पुलिस साइबर टीम की मदद से ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी चंडीगढ़ के कई सरकारी और निजी स्कूलों को ईमेल के जरिए बम की धमकियां मिल चुकी हैं।
इसके अलावा पासपोर्ट कार्यालय, पोस्ट ऑफिस, पंजाब सचिवालय, हाई कोर्ट और जिला अदालत को भी इस तरह की धमकियां भेजी गई थीं। हालांकि, पिछले मामलों में जांच के दौरान कोई भी विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच करती रही हैं।
