नई दिल्लीः 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने मंगलवार को संगठन में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की। राजस्थान के नेता सतीश पूनिया को पंजाब भाजपा का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के वरिष्ठ महासचिव और राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश तथा राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पंजाब में पूनिया की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व गुजरात मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के 12 जून, 2025 को एयर इंडिया की उड़ान 171 के हादसे में निधन के बाद से पंजाब भाजपा के प्रभारी का पद रिक्त था।
पूनिया को करीब तीन महीने पहले पंजाब में भाजपा संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई थी। वह हरियाणा के भी भाजपा प्रभारी हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2024 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत हासिल की थी।
पूनिया पंजाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ काम करेंगे। सैनी को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा पंजाब में हरियाणा के चुनावी मॉडल को दोहराने की कोशिश कर रही है। इसके तहत राजनीतिक रूप से प्रभावशाली जाट सिख समुदाय के बीच पहुंच बढ़ाने के साथ ओबीसी और दलितों तक भी पार्टी का आधार मजबूत करने पर जोर रहेगा। पूर्व राजस्थान भाजपा अध्यक्ष पूनिया हाल में राजस्थान से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। वह स्वयं जाट समुदाय से आते हैं।

