पठानकोटः कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब में अपनी यात्रा के आखिरी दिन पठानकोट में जनसभा की। इस यात्रा में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत सहित कई सीनियर नेता शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि 3 काले कानून से जो किसानों के साथ हुआ, वही अग्निवीर योजना से जवानों के साथ किया है। भाजपा की कोशिश है कि लोगों को डराकर उनकी तपस्या का फल 2-3 अरबपतियों को दिया जाए। डर का माहौल बनाकर नफरत फैलाई जा रही है। मीडिया में हर वक्त नरेंद्र मोदी का चेहरा दिखता है। गलत जीएसटी, नोटबंदी, किसान को खाद की समस्या मीडिया में नहीं दिखती।
वहीं पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिदंर रंधावा ने मीडिया से बातचीत दौरान पूर्व सीएम कैप्टन अमरेद्र सिंह को चुनाव लड़ने के लिए चैलेंज किया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरेद्र सिंह पटियाला से लोकसभा चुनाव जीत कर दिखाएं। कैप्टन की ज़मानत ज़बत होगी। इस दौरान उन्होंने कहा कैप्टन को आज तक जो कुछ मिला वह कांग्रेस के कारण ही मिला है। रंधावा ने कहा कैप्टन ने जब कांग्रेस छोड़ी उनकी जमानत जब्त हुई है और आगे भी उनकी जमानत जब्त होगी। इसके साथ ही उन्होंने कैप्टन की पत्नी परनीत कौर को कांग्रेस से निकालने की बात कही है।
रंधावा ने कहा कि राहुल गांधी आज इसी मंच से परनीत कौर को पार्टी से निकालने की घोषणा करें। उन्होंने कहा कि जब कैप्टन भाजपा में गए हैं तो उनकी पत्नी को कांग्रेस में क्यों रखा है। रंधावा ने कहा कि कैप्टन परिवार पहले मुगलों का गुलाम था और उनकी झोली उठाता था। यह एक परिवार ही महाराजा रणजीत सिंह के साथ मिलकर नहीं चला, नहीं तो भारत का इतिहास आज कुछ ओर होता। उन्होंने कैप्टन परिवार का नाम पंजाब में गद्दारी में नंबर-1 पर लिखा जाता है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी हुकूमत के समय भी यह परिवार अंग्रेजों का पिट्ठू बनकर चला।
वहीं पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी ने राहुल गांधी को क्रांतिकारी लीडर बताया। उन्होंने कहा कि वह प्यार बांटते हैं। वह तपस्वी हैं और संत का रूप हैं। कांग्रेस के पंजाब प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग ने यात्रा को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने सांसद चौधरी संतोख सिंह के निधन का भी जिक्र किया।
