लुधियानाः जिले के थाना सराभा नगर के अधीन गांव बैंस में हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल युवक जसप्रीत सिंह (38) की इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के दौरान पड़ोसियों ने उसकी पिटाई की और सिर पर ईंट से हमला कर दिया था। गंभीर हालत में जसप्रीत सिंह को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया था। हालत ज्यादा खराब होने पर उसे चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर किया गया। बाद में उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या की धारा जोड़ने की मांग को लेकर सड़क जाम
जसप्रीत की मौत के बाद उसके परिवार ने पुलिस से मामले में हत्या की धारा 103 BNS जोड़ने की मांग की। परिवार का आरोप था कि युवक की मौत होने के बावजूद पुलिस हत्या की धारा जोड़ने में देरी कर रही थी।
इसी मांग को लेकर मृतक के परिजन और स्थानीय लोग रविवार सुबह फिरोजपुर रोड पर पहुंच गए और सड़क पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन करीब 30 मिनट तक चला। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का भरोसा
प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और युवक की मौत को देखते हुए केस में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने धरना समाप्त कर दिया। इसके बाद सड़क पर यातायात फिर से सामान्य हो गया।
15 सितंबर की रात शुरू हुआ था विवाद
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार गांव बैंस निवासी अमरीक सिंह (35) ने बताया कि उसका बड़ा भाई जसप्रीत सिंह शराब पीने का आदी था। 15 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे जसप्रीत शराब के नशे में घर आया। आरोप है कि वह अपने परिवार के सदस्यों से गाली-गलौज करने लगा। परिवार को डर था कि विवाद बढ़ सकता है, इसलिए उन्होंने घर का मुख्य गेट अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद जसप्रीत घर के बाहर सड़क पर खड़ा होकर ही चिल्लाता रहा।
पड़ोसियों ने गाली अपने लिए समझी
शोर सुनकर पड़ोसी गुरदयाल सिंह और उसकी पत्नी मनजीत कौर घर से बाहर आए। शिकायत के अनुसार, दोनों को लगा कि जसप्रीत उन्हें ही गालियां दे रहा है। जसप्रीत ने कथित तौर पर उन्हें बताया कि वह अपने परिवार के साथ विवाद कर रहा है और उन्हें कुछ नहीं कह रहा। इसके बावजूद दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान गुरदयाल सिंह का बेटा प्रेम सिंह भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर जसप्रीत को घेर लिया और उसकी पिटाई की।
महिला ने सिर पर ईंट मारी
हाथापाई के दौरान मनजीत कौर ने जमीन से एक ईंट उठाई और जसप्रीत के सिर पर मार दी। ईंट लगने के बाद जसप्रीत के सिर से खून निकलने लगा और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। शिकायत के अनुसार, जब उसका छोटा भाई अमरीक सिंह उसे उठाने के लिए आगे आया तो आरोपी प्रेम सिंह ने कथित तौर पर कहा, उठा ले अपने भाई को, यह अब नहीं उठेगा।
गंभीर हालत में चंडीगढ़ कराया गया था भर्ती
हमले के बाद परिवार के लोग जसप्रीत को तुरंत स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे पहले पीजीआई चंडीगढ़ और फिर जीएमसीएच सेक्टर-32 रेफर कर दिया। जसप्रीत का कई दिनों तक इलाज चला, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। आखिरकार इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुरुआत में इन धाराओं में दर्ज हुआ था केस
थाना सराभा नगर की रघुनाथ एन्क्लेव चौकी पुलिस ने शुरुआत में अमरीक सिंह के बयान के आधार पर तीन लोगों—गुरदयाल सिंह, मनजीत कौर और प्रेम सिंह—के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने उस समय भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया था।