लुधियानाः जिले में शेरपुर चौक के पास एक व्यक्ति का कत्ल कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार नौजवान के चेहरे पर पत्थर से हमला किया गया है। मृतक का चेहरा बुरी तरह से खराब हो चुका है। घटना की सूचना मिलने पर थाना 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी मुताबिक पुलिस को 26 मई को सूचना मिली थी कि NPC ट्रांसपोर्ट के पास खाली प्लॉट में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पड़ताल के दौरान सामने आया कि मृतक शराब के नशे में था और शेरपुर चौक के पास देसी और अंग्रेजी शराब के ठेके के नजदीक बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी संदीप श्रीवास्तव और इशाक अली, जो खुद भी शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं, ठेके से शराब लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवक अज्ञात व्यक्ति को सहारा देकर पास के खाली प्लॉट में ले गए।
वहां दोनों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसके चेहरे व सिर पर बार-बार पत्थरों से वार किए। गंभीर हालत में युवक को प्लॉट में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में संदीप श्रीवास्तव निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश और इशाक अली निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश के खिलाफ BNS की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है। थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
