लुधियानाः जिले के फिरोजपुर रोड पर पाम कोर्ट के पास स्थित लड़क के गोदाम में भीषण आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार यह गोदाम गणपति टिंबर ट्रेडर्स का है, जहां सुबह अचानक भीषण आग लग गई। लकड़ी और प्लाईवुड का बड़ा गोदाम होने के कारण आग ने देखते ही देखते बेहद विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। आग इतनी भयानक थी कि इसके लगने के कुछ ही देर बाद आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और यह काला धुआं शहर में दूर से ही साफ नजर आ रहा था।
View this post on Instagram
धुएं के इस गुबार को देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई जिसके बाद तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को अलर्ट किया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर मौजूद फायर ऑफिसर राजिंदर ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 7:10 बजे कंट्रोल रूम में इस आगजनी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बिना कोई देरी किए दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल की ओर रवाना कर दिया गया। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और आग पर काबू पाने की लगातार कोशिशें चल रही हैं।
गोदाम के अंदर भारी मात्रा में इमारती लकड़ी प्लाईवुड विनियर और बोर्ड रखे होने के कारण आग तेजी से सुलग रही है जिससे दमकल कर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और न ही किसी तरह के जानी नुकसान की कोई खबर सामने आई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं और भीड़ को नियंत्रित कर राहत कार्य में मदद कर रही हैं। स्थिति पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा।
