अमृतसरः तरनतारन के भिखीविंड थाने में पड़ोसी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार महिला ने सुसाइड करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया है कि आरोपी महिला को कोर्ट में पेश करने था, जिसने सुबह करीब 9 बजे बाथरूम जाने के लिए कहा, जिस पर लेडी कांस्टेबल उसे बाथरूम ले गई और जहां उसने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला को किसी तरह का टॉर्चर नहीं किया और जांच में जिस किसी की भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मृतका की पहचान राजबीर कौर के नाम से हुई। परिजनों ने पुलिस पर महिला को गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाया है। आज शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
एसएचओ हरप्रीत सिंह विर्क ने बताया कि 3 दिन पहले गांव कलसिया कलां में बलविंदर सिंह की हत्या के आरोप में रूप सिंह, उसके तीन बेटों और बेटी राजबीर कौर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने राजबीर कौर को 8 अगस्त गिरफ्तार कर भिखीविंड थाने में रखा था। महिला को किसी तरह का भी टॉर्चर या इसके किसी भी परिवार के सदस्य को किसी भी तरह का टॉर्चर नहीं किया गया। बल्कि इनके साथ कानून के मुताबिक जो बनता था, दायरे के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी करके इन्हें रखा गया। इनकी सही तरीके से देखभाल की गई और इन्हें खाना-पानी भी दिया गया।
उधर, मृतका के परिवार ने राजबीर कौर को हत्या के मामले में गलत तरीके से फंसाने का आरोप लगाया है। उसके भाई साजन सिंह, रेशम सिंह, लखविंदर सिंह और मां राज कौर ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजबीर कौर की शादी गांव पहुविंड के रहने वाले गुरप्रीत सिंह से हुई थी और उसकी करीब डेढ़ साल की बेटी भी है।