मोहालीः जीरकपुर में चोरी, लूटपाट और स्नेचिंग की वारदातें लगातार बढ़ रही है। आरोपी बेखौफ होकर दिन में ही वारदातों को अंजाम दे रहे है। लगातार शहर में बढ़ रही वारदातों से लोगों के मन में डर पैदा होने लगा है, लेकिन स्नेचरों और चोरों को पुलिस का भी कोई खौफ नहीं है। वहीं वारदातों पर नजर रखने के लिए तकरीबन हर गली में लोगों द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए तो गए हैं, लेकिन फिर भी स्नेचर और चोर वारदातों को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे है।
ताजा मामला जीरकपुर के जरनैल एक्लेंव से सामने आया है, जहां सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर 2 बाइक सवार स्नैचर्स एक सैकेंड में हैंडीकैप व्यक्ति का पर्स छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की पहचान सुरेंद्र पाल के रूप में हुई है। सुरेंद्र पाल ने व्हीलचेयर पर उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार स्नैचर फरार हो गए। पर्स में 4 से 5 हजार रुपए नकद, मोबाइल, ब्लूटूथ हेडफोन, क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज थे।
पर्स में उनका दिव्यांगता प्रमाण पत्र यानी डिसेबिलिटी कार्ड भी मौजूद था। वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने नजदीकी थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सवाल उठ रहे हैं कि क्या आरोपियों में पुलिस को कोई खौफ नहीं है? क्योंकि ये तो अब दिव्यांग को भी नहीं छोड़ रहे। वहीं, थाना जीरकपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी आ गई है। पुलिस टीम मौके पर भी गई थी। सीसीटीवी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों स्नैचर्स को काबू कर लिया जाएगा।