विदेशी लड़कियों सहित महिला मैनेजर गिरफ्तार
मोहाली : जीरकपुर शहर में होटलों और स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के अवैध धंधे के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत जीरकपुर पुलिस ने शनिवार को वीआईपी रोड स्थित एक स्पा सेंटर पर अचानक छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया। पुलिस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से 6 युवतियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि मौके से एक महिला मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में जानकारी देते हुए महिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है। जानकारी मिली थी कि वीआईपी रोड के Forever Spa Centre में मसाज सेवाओं की आड़ में देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारा और मौके से 6 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू की गई युवतियों में से दो विदेशी नागरिक अन्य युवतियां दिल्ली और उत्तराखंड की रहने वाली हैं। पुलिस सभी युवतियों की पहचान, दस्तावेजों तथा उन्हें यहां तक लाने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटर की महिला मैनेजर को भी हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर की आड़ में ग्राहकों को विशेष सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही थीं।
पुलिस ने मोबाइल फोन, रजिस्टर और अन्य दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले से जुड़े अन्य व्यक्तियों और संभावित रैकेट की भूमिका की भी जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान अन्य नाम सामने आते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने स्पा सेंटरों और होटलों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संस्थानों की नियमित जांच की जाए। ताकि गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
