पठानकोटः पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े दो ट्रकों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े ट्रकों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। वहीं स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि पहली फायर ब्रिगेड आग बुझाने में नाकाम रही।
हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाला और फायर ब्रिगेड की गाड़ी से बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दूसरी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है फिलहाल एयरप्रेशर फटने के कारण ये आग लगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए, ताकि समय रहते बड़े हादसे को टाला जा सके। इस बारे में बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि धमाके की आवाज आने के बाद गाड़ी को आग लग गई।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन जो गाड़ी फायर ब्रिगेड की पहले पहुंची वह किन्ही कारणों से खराब हो गई। जिसके कारण दूसरी फायर ब्रिगेड मंगवानी पड़ी, लेकिन जब तक और फायर ब्रिगेड आती तब तक आग ने दोनों ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया था। फिलहाल किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन ट्रकों का काफी नुकसान हुआ है। वही फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी माना की फायर ब्रिगेड गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी हो गई थी। जिस कारण वह समय पर काम ना कर पाए लेकिन बाल्टियों के साथ आग बुझाने की कोशिश जरूर की और तब तक दूसरी गाड़ियां पहुंच चुकी थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एयरप्रेशर टैंकी फटने के कारण ये आग लगी है फिलहाल किसी तरह का कोई जानी नुकसान नही हुआ है।

