अमृतसरः अजनाला में थाना रमदास के अधीन गांव जट्ट्टां में एक घर के अंदर धमाका होने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें, एसएचओ और डीएसपी सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घर के अंदर धमाका किस वजह से हुआ। मीडिया को जानकारी देते हुए एसपी देहाती रमनदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को गांव जट्ट्टां के निर्मल सिंह से सूचना मिली थी कि उनके घर में धमाका हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की सभी संबंधित टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की गई। एसपी देहाती ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
एफएसएल टीम ने घटना स्थल से विभिन्न सैंपल एकत्र किए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि धमाका किस चीज से हुआ और इसके पीछे असली कारण क्या था। उन्होंने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और जल्द ही मामले को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। धमाके के कारण तीन व्यक्तियों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस के अनुसार घायलों को प्राथमिक मेडिकल सहायता दी गई और वे इलाज के बाद अगले दिन अपने घर वापस आ चुके हैं। एसपी ने कहा कि फिलहाल इस घटना को किसी झगड़े से जोड़ने वाली कोई बात सामने नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि धमाके का कारण पुलिस जांच का विषय है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। एसपी देहाती ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों या घटना के पीछे किसी भी कारण का पता लगाकर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दलजीत सिंह की पृष्ठभूमि की भी जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि प्रारंभिक सत्यापन के दौरान उसके खिलाफ पहले तीन मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी भी पुलिस पुष्टि कर रही है। उन्होंने कहा कि धमाके से इसका कोई संबंध है या नहीं, इस बारे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके के कारण और इससे जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। फिलहाल पुलिस की टीमें विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही हैं।

