सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर सुरक्षा का भरोसा देने में जुट पुलिस
फिरोजपुरः सीमावर्ती जिला फिरोजपुर में पुलिस द्वारा एक तरफ अपराध को खत्म करने और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। और दूसरी तरफ आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं हो रही हैं। ताजी घटना उस समय सामने आई जब एक तरफ थाना सदर की पुलिस द्वारा अपराध मीटिंग की फोटो सोशल मीडिया पर अपनी पीठ थपथपाई जा रही थी। और दूसरी तरफ फिरोजपुर के गांव जखरावां में दिन दहाड़े एक घर पर फायरिंग और मारपीट का मामला सामने आ गया। जिसमें पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ हथियारबंद व्यक्तियों ने उनके घर में घुसकर हमला किया, परिवार के साथ मारपीट की और कई राउंड फायरिंग भी की गई।
View this post on Instagram
मिली जानकारी के अनुसार पता चला है कि फिरोजपुर के गांव पल्ला मेघा में रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़ा इतना बढ़ गया कि गोलियां तक चल गईं, बताया जा रहा है कि पहले एक गुट ने दूसरे से मारपीट की और बाद में दूसरे ने भी लोग ले जाकर मारपीट करते हुए तोड़-फोड़ कर दी। जब इस झगड़े को लेकर वादी पक्ष से बात करने की कोशिश की गई तो वे बहाने बनाते नजर आए और पुलिस ने भी इस मामले पर कुछ भी बोलने से पल्ला झाड़ लिया। पीड़ित लखबीर सिंह के अनुसार, बीते दिन वह अपने परिवार समेत घर में मौजूद था, जब कुछ व्यक्ति हथियारों से लैस होकर घर के अंदर दाखिल हुए।
उन्होंने परिवार के साथ मारपीट की और गोलियां चलाईं। लखबीर सिंह ने बताया कि उन्होंने और परिवार के सदस्यों ने घर के कमरों में घुसकर अपनी जान बचाई। इस दौरान जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तो हमलावर अपने हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लखबीर सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने 8 नामजद व्यक्तियों और 2 से 3 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ लगता है। फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच जारी है।