लुधियानाः जिलमें ट्रैफिक नियमों और कानून व्यवस्था की सरेआम धज्जियां उड़ाने का एक वीडियो सामने आया है। एक तरफ जहां पुलिस काले शीशे वाली गाड़ियों और हुड़दंगियों पर सख्ती का दावा करती है वहीं शहर के ही रहने वाले एक युवक ने अपनी करतूत से पुलिस को खुली चुनौती दी है। स्वैग दिखाने के चक्कर में इस युवक ने दिनदहाड़े बीच सड़क पर न सिर्फ बीयर पी, बल्कि लाउड म्यूजिक पर जमकर डांस भी किया। हद तो यह है कि पुलिस और कानून का खौफ बेअसर होने का सबूत देते हुए इस युवक ने खुद ही यह वीडियो अपनी सोशल मीडिया आईडी पर गर्व से पोस्ट भी किया है।
यह वीडियो शहर के एक रिहायशी इलाके का है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गली-मोहल्ले की शांति चीरते हुए एक सफेद रंग की मारुति अर्टिगा पूरे टशन में आती है। गाड़ी के शीशे पूरी तरह (100%) काले (Black Tint) हैं, जिनके आर-पार कुछ नजर नहीं आता। गाड़ी जैसे ही गली के मोड़ पर पहुंचती है ड्राइवर तेज़ी से ड्रिफ्ट मारते हुए ब्रेक लगाता है। इसके तुरंत बाद ड्राइवर साइड का दरवाजा खुलता है और लाल टी-शर्ट डार्क जैकेट और खाकी पैंट पहने एक युवक पूरे स्वैग में बाहर निकलता है। हैरानी की बात यह है कि उसके हाथ में बीयर की बोतल होती है और वह बेखौफ होकर सड़क पर आ जाता है।
गाड़ी के अंदर से फुल वॉल्यूम में पंजाबी गाना बज रहा होता है मैं शराबी, मेरा बाप (प्यो) शराब युवक गाड़ी से बाहर कदम रखते ही जोश में झूमने लगता है। वह सड़क के बीचों-बीच खड़ा होकर पहले तो बीयर की बोतल से शराब सड़क पर उड़ेलता है और फिर उसी बोतल को मुंह से लगाकर उछल-उछल कर पीने लगता है। अपनी दोनों बाहें फैलाकर वह सड़क पर इस कदर डांस और जश्न मनाता है जैसे यह कोई पब या क्लब हो।
वीडियो रिकॉर्ड करवाने के बाद युवक कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराता है जो साफ दिखाता है कि उसे किसी कार्रवाई का कोई डर नहीं है। जिस तरह से लुधियाना के ही इस युवक ने अपनी सोशल मीडिया आईडी पर यह हुड़दंग भरा वीडियो शेयर किया है,उसने ट्रैफिक और लोकल पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस इस PB-10 नंबर वाली सफेद अर्टिगा को ट्रेस कर, सड़क पर दहशत और हुड़दंग मचाने वाले इस शख्स की पहचान कर क्या सख्त एक्शन लेती है।
