बठिंडाः जिले के बस स्टैंड के पीछे निजी बस के कंडक्टर की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बलजिंदर सिंह निवासी चुघे कलां के रूप में हुई है। घटना के बाद सुबह थाना कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जानकारी के अनुसार, निजी बस चालक इकबाल सिंह ने बताया कि बलजिंदर सिंह उसके साथ बस में कंडक्टर के रूप में काम करता था।
दरअसल, बीती शाम करीब साढ़े 7 बजे दोनों ने बस को बस स्टैंड में खड़ा किया और अपने-अपने गांव की ओर चले गए। इसी दौरान करीब पौने आठ बजे इकबाल सिंह को फोन आया कि बस स्टैंड के पीछे खोखे के पास उसका कंडक्टर घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही वह अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। इसके बाद बलजिंदर सिंह को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बस चालक के अनुसार, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं। आशंका है कि दोनों ने बलजिंदर सिंह पर तेजधार हथियार से हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। थाना कोतवाली के एसएचओ यादविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके साथ काम करने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद वारदात से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।