फाजिल्काः बल्लुआणा हलके के गांव बहादर खेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई टकराव ने गांव का माहौल तनावपूर्ण बना दिया। घटना के दौरान ईंटों और पत्थरों से हमला किये जाने के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार रमन्दीप पुत्र कृष्ण अपने साले के बेटे विक्रम पुत्र राणा राम के साथ दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में दूसरी तरफ के लोगों से उनकी कथित तौर पर तकरार हो गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दूसरी तरफ के लोगों ने उन पर अचानक ईंटों और पत्थरों से हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच करीब आधा से पौना घंटा तक ईंट-पत्थर चले। जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर गांव के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। मामले संबंधी थाना पुलिस के अधिकारी गुरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस को आवेदन (एमएलआर) मिल गई है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संगत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
