मोहालीः जीरकपुर के पीरमुछल्ला स्थित नेचर पार्क में वीरवार सुबह गर्दन कटी लाश बरामद हुई। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। दरअसल, पार्क में सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों में शव मिलने के बाद दहशत का माहौल है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने घटनास्थल की जांच कर सबूत जुटाए। शव की हालत देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या पार्क में ही की गई या शव को कहीं और से लाकर यहां फेंका गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। SHO के अनुसार, मृतक के एक हाथ पर ‘V’ और दूसरे हाथ पर ‘Vishal’ लिखा हुआ मिला है।
पुलिस इन निशानों के आधार पर मृतक की पहचान समेत हत्या से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। इसके जरिए संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद पार्क की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण और समय का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।
