मोहालीः सोहाना इलाके में श्री गुटका साहिब के अंग मिले। मिली जानकारी के अनुसार माता गुजरी देवी गुरुद्वारा (जो गुरुद्वारा सिंह शहीदां के पास स्थित है) के पास श्री गुटका साहिब के क्षतिग्रस्त अंग मिले हैं। इस घटना के बाद सिख संगत ने इंसाफ की मांग को लेकर एयरपोर्ट रोड पर जाम कर दिया। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नए कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का पता तब चला जब गुरुद्वारे में तैनात सेवादार ने श्री गुटका साहिब के अंगों को जमीन पर गिरा देखा।
देखते ही देखते खबर पूरे इलाके में फैल गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। बेअदबी से नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी के लिए एयरपोर्ट रोड को बंद कर दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का आरोप है कि यह किसी साजिश का हिस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पास ही स्थित गुरुद्वारा सिंह शहीदां में श्री गुटका साहिब रखे हुए हैं, आशंका है कि ये अंग वहीं के हो सकते हैं।
लोगों का कहना है कि जानबूझकर इलाके की शांति भंग करने और तनाव पैदा करने के लिए ऐसी हरकत की गई है। उन्होंने मांग की है कि इसकी बारीकी से जांच हो कि ये अंग वहां तक कैसे पहुंचे। तनाव को देखते हुए मोहाली सिटी-2 के डीएसपी हरसिमरन सिंह बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करवाते हुए भरोसा दिया कि पुलिस मामले को पूरी गंभीरता से ले रही है। डीएसपी ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है। जो भी दोषी होगा उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
