अमृतसरः मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध का असर भारत में दिखाई दे रहा है। दरअसल, पंजाब भर में पंपों पर पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों की लाईने लगी हुई है। वहीं जालंधर-लुधियाना में एक-एक पेट्रोल पंप बंद हो गया है। दूसरी ओर अमृतसर के अटारी बॉर्डर के पास स्थित पंप को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित अटारी में स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल-डीजल का स्टोक खत्म हो गया हैं।
जिसकी वजह से अटारी-वाघा सीमा पर दोनों पड़ोसी देशों की सीमा सैनिकों द्वारा आयोजित झंडा उतारने/झण्डे की रस्म देखने आने वाले लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, यह पेट्रोल पंप सीमा के बहुत नजदीक है, इसलिए सीमावर्ती गांवों के लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल और डीजल खत्म होने के बाद मालिक और कर्मचारी पेट्रोल पंप को बंद कर चुके हैं।
लोग बड़ी संख्या में आ रहे हैं, लेकिन पेट्रोल पंप बंद देखकर निराश होकर वापस जा रहे हैं। हालांकि सरकार और तेल कंपनियां लगातार यह साफ कर रही हैं कि देश में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर फैली अटकलों के चलते लोग पैनिक बाइंग में जुट गए हैं। सरकारी तेल कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा है कि देशभर में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। अचानक बढ़ी मांग की वजह अफवाहें और पैनिक हैं. लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन न खरीदें। HPCL के मुताबिक, लगातार सप्लाई जारी है और किसी भी राज्य में आपूर्ति बाधित नहीं हुई है।
