कपूरथलाः जिले के नडाला कस्बे में 30 रुपए के झगड़े को लेकर व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार मृतक का अपने कुछ साथियों के साथ रविवार देर रात करीब 10.30 बजे बाजार में 30 रुपये को लेकर विवाद हो गया था। झगड़ा बढ़ता देख उसके पिता रामचंद्र मंडल मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर बेटे को वहां से निकालकर उसके रहने वाले क्वार्टर में छोड़ आए। परिवार को क्या पता था कि यह विवाद इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा। आज सुबह जब पिता दोबारा बेटे को लेने के लिए क्वार्टर पहुंचे तो वहां का मंजर देख उनके होश उड़ गए। बेटे का शव गेट के पास पड़ा हुआ था।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय सूरज पुत्र रामचंद्र मंडल के रूप में हुई है। सूरज का गला घोंटकर हत्या की गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में दहशत का माहौल है। सूरज मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना सुभानपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक हरजिंदर सिंह और नडाला चौकी प्रभारी बलजिंदर सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हरिंदर सिंह गिल ने बताया कि मृतक के पिता के बयान के आधार पर केस दर्ज किया गया है। जिन लोगों के साथ सूरज का झगड़ा हुआ था, उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि छोटे-छोटे विवाद किस तरह से गंभीर और जानलेवा बन सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।
