बटालाः पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने सख्ती से कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं नशे के खिलाफ कस्बा अचल साहिब के गांव में कार्रवाई करने गई पुलिस और तस्कर में मुठभेड़ का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक गन्ने के खेत में एक नौजवान छुपा हुआ है। बताया जा रहा है कि वह नशा तस्कर है।

पुलिस तस्कर को काबू करने के लिए गन्ने के खेत में गई तो उक्त तस्कर ने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलिया चलानी शुरू कर दी। पंजाब पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग शुरू कर दी है। तस्कर और पुलिस में मुठभेड़ अभी जारी है। पुलिस ने उसकी पत्नी और बच्चे को हिरासत में ले लिया है।बताया जा रहा है कि तस्कर का नाम बबलू है और उस पर पहले से नशा तस्करी के कई मामले दर्ज हैं। हालांकि अभी तक पुलिस ने उसका नाम नहीं उजागर किया है।
यह भी पता चला है कि पति-पत्नी दोनों ही ड्रग तस्कर हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को इनपुट मिला था कि एक तस्कर कस्बा अचल साहिब के गांव में छिपा हुआ है। जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। फिलहाल पुलिस इस पर कोई बात करने से इनकार कर रही है।

