मोहालीः जिले के लालडू-डेराबस्सी हाईवे पर वीरवार सुबह ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुए भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। ट्रक और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच इतनी भयानक टक्कर थी कि इस हादसे में एक की मौत हो गई। हादसे के चलते चंडीगढ़ की तरफ आने वाले लोगों को लगभग 6 घंटे तक ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा। हादसा ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक हरियाणा नंबर के ट्रक के बीच हुआ। ट्रॉली में आलू के कट्टे भरकर चालक चंडीगढ़ छोड़ने जा रहा था। वहीं ट्रक में वायरिंग के रोल थे।
मृतक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की पहचान रवि के रूप में हुई है। सुबह 4 बजे की यह घटना है। दोनों गाड़ियां चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे में ट्रैक्टर समेत ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हाईवे पर लगभग 4 घंटे तक ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक गिरे पड़े रहे। सुबह 8 बजे हाइड्रोलिक मशीन लगभग 4 घंटे की देरी से पहुंची।
ऐसे में 2 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 10 बजे के लगभग यह लंबा जाम खुल सका। ऐसे में 6 घंटे तक ट्रैफिक जाम बना रहा। शाहिद नामक व्यक्ति ने बताया कि वह शिमला की तरफ से गाड़ी में आ रहा था और दिल्ली की तरफ जाना था। सुबह 4 बजे इस हादसे के बाद से वह लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। स्थानीय पुलिस घटना को लेकर जांच में जुटी हुई है। वहीं अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसे के पीछे कौन जिम्मेदार था। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है।
