फरीदकोट: जीरा में शराब फैक्ट्री मामले को लेकर हाल ही में सीएम भगवंत मान ने फैक्टरी को बंद करने के निर्देश जारी कर दिए थे। लेकिन सीएम मान के ऐलान के बावजूद आज सांझा मोर्चा ने भारी मात्रा में जीरा में इकट्ठ कर मीटिंग की। मीटिंग के दौरान सांझा मोर्चा ने ऐलान करते हुए कहा कि यह मोर्चा खत्म नहीं होगा। सांझा मोर्चा की इस मीटिंग में जोगिंदर उग्रहा समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। इस मीटिंग में फैसला किया गया कि सरकार पहले नोटिफिकेशन करके पूर्ण रूप से फैक्ट्री को बंद करे, इसके साथ ही सभी मुकदमे रद्द किए जाए और पीड़ितों को मुआवजा दिया जाए।

बता दें कि करीब 40 गांवों के लोग और अन्य किसान लगातार जीरा में शराब फैक्ट्री को बंद कराने की मांग कर रहे हैं। जीरा के आसपास के करीब 40 गांव के लोगों और किसानों ने शराब फैक्ट्री के कारण पीने का पानी जहरीला होना बताया है। इसके अलावा पशुओं के बीमार होने और अन्य प्रकार की बीमारी के खतरे की आशंका भी जताई है। जबकि फैक्ट्री पक्ष के वकील ने हाईकोर्ट में नैशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल और अन्य सरकारी संस्थाओं की रिपोर्ट उनके पक्ष में होने की बात कही है।
