मणिपुर: कई जगहों पर रात में मशाल जुलूस निकाले गए, क्योंकि राज्य विधानसभा ने जनगणना से पहले NRC को अपडेट करने के अपने पुराने प्रस्तावों को फिर से दोहराया था। बताया जा रहा हैकि प्रदर्शनकारी चाहते हैं कि मणिपुर में आगामी जनगणना या जनसांख्यिकीय सर्वे से पहले 1951 को आधार वर्ष मानकर एनआरसी (NRC) को पूरी तरह अपडेट किया जाए। इन विरोध प्रदर्शनों और रैलियों का आह्वान ‘कैंपेन फॉर जस्ट एंड फेयर डेलिमिटेशन’ (JFD) और अन्य स्थानीय संगठनों द्वारा किया गया।
इंफाल, काकचिंग, वाबगई और हियांगलाम जैसे इलाकों में निकाले गए इन जुलूसों के दौरान कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सुरक्षा बलों को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। मणिपुर में 2 गुटों के बीच गोलीबारी को लेकर मामला गरमा गया है। वहीं हमले के बाद मणिपुर में IT रोड पर स्थित लुंगजांग स्कूल में आग लगा दी गई। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह मणिपुर में IT रोड पर स्थित लुंगजांग UJB स्कूल में आग लगाई गई। इस घटना को लेकर भारी पुलिस फोर्स और सुरक्षा एजेंसी की सीआरपीएफ तैनात कर दी गई है और हालात को काबू पाने के प्रयास किए जा रहा है।
वहीं आग लगने की घटना को लेकर स्कूल को भारी नुकसान हुआ। घटनास्थल की तस्वीरों में स्कूल की इमारत और उसकी छत को आग से बुरी तरह क्षतिग्रस्त होते देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर आ रही खबरों में इस घटना में NSCN (IM) और ZUF-K के शामिल होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और आग लगने के कारण तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। स्कूल के क्षतिग्रस्त होने की इस घटना ने इलाके में जारी तनाव के बीच शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा और बच्चों की शिक्षा में आ रही बाधा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।