ऊना,सुशील पंडित: जिला ऊना में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने रातभर विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिले के प्रमुख नाकों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जबकि राजपत्रित पुलिस अधिकारियों (GOs) ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
रात्रि गश्त और नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीमों ने आने-जाने वाले वाहनों की जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थापित नाकों का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस की ओर से रात के समय जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वाहनों की जांच के साथ-साथ कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है तथा यह निगरानी व्यवस्था 24 घंटे जारी रहेगी।
जिला पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि रात के समय तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। नाकाबंदी के दौरान अपने आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और पुलिस की जांच में सहयोग करें।
पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की गई है।