हिसारः हरियाणा के हिसार में चुनाव प्रचार के बीच गोलियां चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार बीजेपी नेता प्रदीप सोनी सामान लेने के लिए भारतीय स्टेट बैंक के पास एक कन्फेक्शनरी शॉप पर गए थे, तभी बोलेरो गाड़ी में आए हमलावरों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान खुद को बचाने के लिए प्रदीप सोनी ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम निवासी भाणा गांव, आदमपुर के रूप में हुई है।
वहीं घटना में 5 अन्य युवक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को हिसार के अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान भाणा निवासी जतिन, सदलपुर निवासी मुकेश, बड़ोपल निवासी पवन, बालसमंद निवासी सोनू और सदलपुर निवासी मोनू के रूप में हुई है। प्रदीप ने 2 मई को ही भाजपा ज्वाइन की थी। उन्होंने उकलाना नगर पालिका से भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था। अभी पूरी वारदाात की वजह सामने नहीं आई है। वहीं, उकलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में मंगलवार को दोपहर पुलिस ने बीजेपी नेता प्रदीप सोनी को अरेस्ट कर लिया है।
उनके खिलाफ सदलपुर के युवक मुकेश के बयान के आधार पर रिपोर्ट भी दर्ज की गई है। एसपी ने मामले की जांच के लिए एसआईटी बनाई है। उकलाना में कन्फेक्शनरी की दुकान चलाने वाले दुकानदार नरेंद्र बॉबी ने बताया कि प्रदीप सोनी सोमवार रात करीब पौने 11 बजे उनके पास सामान लेने आए थे। इसी दौरान बोलेरो गाड़ी में कुछ युवक पहुंचे। सभी ने नकाब पहने थे। हमलवारों ने आते ही प्रदीप पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
दुकानदार नरेंद्र बॉबी के अनुसार सोनी जान बचाने के लिए दुकान से बाहर भागे। हमलावर भी उसके पीछे-पीछे दौड़े। इसी दौरान प्रदीप सोनी ने फायरिंग कर दी। इस वारदात में गांव सदलपुर के मुकेश को जांघ में, गांव भाणा के विवेक उर्फ जतिन को कंधे में, बड़ोपन के पवन को पेट में, बांडाहेड़ी के सोनू को हाथ और सदलपुर के मोनू को कूल्हे में गोली लगी है। घायलों को हिसार के सपरा अस्पाल में भर्ती करवाया गया है। प्रदीप सोनी को भी चोटें आई हैं और अमनदीप अस्पताल में भर्ती हैं।
