नई दिल्लीः दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 साल की मॉडल की उसके घर में घुसकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोप जिम ट्रेनर इमरान पर है। वह पिछले कुछ समय से युवती को जानता था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक बुधवार को युवती मुस्कान के परिजन बाहर गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। तभी आरोपी वहां पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की दी है।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के जरिए आरोपी की गतिविधियों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी घर तक कैसे पहुंचा और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुआ। अतिरिक्त DCP अभिषेक गुप्ता ने कहा कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
मृतका के दोस्त ने बताया कि मुस्कान स्टूडेंट थी और पार्ट टाइम मॉडलिंग करती थी। बुधवार शाम करीब 7 बजे मुस्कान की बहन ने उसे कॉल किया। उन्होंने बताया कि मुस्कान को किसी ने चाकू मार दिया। आरोपी का नाम इमरान है और वह मुस्कान की जिम में ट्रेनर था। युवक ने बताया कि इमरान साइको था और बात नहीं करने पर मुस्कान को परेशान कर रहा था। इमरान उसका पीछा करता था और शादी के लिए दबाव बना रहा था। वह उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी।