विरुधुनगर: तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले के कट्टनारपट्टी इलाके में एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ। यह इलाका पटाखा उद्योग के लिए जाना जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पटाखे बनाते समय अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास मौजूद चार यूनिट्स भी इसकी चपेट में आ गईं और देखते ही देखते बड़ा हादसा हो गया।
इस हादसे में अब तक 13 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। इसके अलावा कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
धमाका इतना भयानक था कि आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के तुरंत बाद दमकल विभाग, पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीमें लगातार मलबा हटाने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में लगी हुई हैं। प्रशासन ने इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हादसे की वजह क्या हो सकती है
अभी तक विस्फोट के असली कारण का पता नहीं चल पाया है। लेकिन शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी की वजह से यह हादसा हो सकता है।
प्रशासन का आया बयान
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
