फिरोजपुर: कैंटोनमेंट बोर्ड के इलाके में लगे मेले में परिवार के साथ मेला देखने आई एक बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। आपको बता दें मेले वाली जगह पर बिजली के नंगे तार खुले पड़े थे, जिनकी चपेट में आने से बच्ची को करंट लग गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
परिवार ने मेले के आयोजकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि अगर बिजली के तारों को ठीक से सुरक्षित किया गया होता तो आज यह हादसा नहीं होता। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है और अब इस मामले में जिम्मेदार आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल, इस पूरे मामले की सच्चाई और जिम्मेदारी का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।
डॉ. मान ने बताया कि रात 8 बजे के करीब एक बच्ची का शव अस्पताल में आया था। बताया जा रहा था कि बच्ची की मौत करंट लगने से हुई है। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। वहीं बच्ची की मौत से परिवार का रो-रो बुरा हाल है। लड़की के भाई ने बताया कि बहन 8 साल की थी, जिसका नाम दिवांशी था। हम दोनों मेले देखने के लिए गए थे। इस दौरान बहन करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार ने इंसाफ के लिए गुहार लगाई है।
उधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच चुकी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।