नई दिल्लीः 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। ये नतीजे बड़े फेरबदल के संकेत दे रहे हैं। पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार बनाते हुए नजर आ रही है। वहीं तमिलनाडु में एमके स्टालिन और केरल में पिनराई विजयन की कुर्सी खिसकती हुई नजर आ रही है। अभी जो रुझान सामने आ रहे हैं, अगर वो परिणाम में बदलते हैं तो यह देश में विपक्ष के लिए बड़ी हार होगी। देश में विपक्ष का चेहरा एकदम से बदल जाएगा। अब तक जो नेता विपक्ष का चेहरा बने हुए थे, उनकी कुर्सी छिन जाएगी। दरअसल, 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की काउंटिंग चल रही है।
अभी जो रुझान सामने आए हैं, उसमें बीजेपी ने पश्चिम बंगाल और असम में बड़ी बढ़त बनाई हुई है। पुडुचेरी में भी बीजेपी गठबंधन आगे चल रहा है। वहीं केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ को बड़ा फायदा होते हुए दिख रहा है। तमिलनाडु में नई पार्टी TVK ने कमाल कर दिया है और सबसे ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इन चुनावों में बीजेपी को बहुत कुछ हासिल होता हुआ दिख रहा है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने जिस तरह रुझानों में बढ़त बनाई है, उसे देखकर लगता है कि राज्य में बीजेपी सरकार बनाने की स्थिति में आ सकती है। अगर ऐसा होता है तो ये पश्चिम बंगाल की सियासत में बड़ी बात होगी और टीएमसी का विजय रथ रुक जाएगा। वही हाल असम में भी दिख रहा है।
तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन चेपॉक-थिरुवल्लिकेनी विधानसभा सीट से पिछड़ रहे हैं। भारतीय चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, नवगठित तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के सेल्वम डी इस सीट पर 1244 से अधिक वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। उधर, केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाला UDF गठबंधन बहुमत के आगे निकल चुका है। 10 साल से सत्ता में रही लेफ्ट की मुश्किलें बढ़ रही हैं। वहीं बीजेपी भी केरल में अपनी उपस्थिति बढ़ाती नजर आ रही है। कांग्रेस दफ्तर के पास ढोल नगाड़ों के साथ जश्न का माहौल है।
असम में कांग्रेस के बुरे हाल नजर आ रहे हैं। अभी तक आए रुझानों में कांग्रेस बहुत पीछे चल रही है। हालात ये हैं कि कांग्रेस के प्रमुख नेता गौरव गोगोई अपनी सीट पर भी पीछे चल रहे हैं।
उत्तर कोलकाता के बेलेघाटा विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कुणाल घोष पीछे चल रहे हैं। उत्तर कोलकाता के श्याम पुकुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार शशि पजा पीछे चल रही हैं।
पुडुचेरी में बीजेपी गठबंधन ने 7 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। कांग्रेस गठबंधन ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई है। अन्य ने 2 सीटों पर बढ़त हासिल की है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से जारी है।
