चंडीगढ़ः पंजाब कांग्रेस में मची रार के बीच बड़ी खबर सामने आई है। जहां, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल को इस पद से हटाकर अब असम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का नया प्रभारी बनाया गया है।

पंजाब में गुटबाजी के बीच बड़ा फैसला
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी की खबरें सामने आती रही हैं। ऐसे में पार्टी ने संगठन को मजबूत करने और नेताओं के बीच तालमेल बेहतर करने के लिए यह बदलाव किया है। सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी देना इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
सुरजेवाला को गुजरात और कर्नाटक की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को भी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें गुजरात का महासचिव प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें कर्नाटक के महासचिव प्रभारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इन नेताओं को भी मिली नई जिम्मेदारी
पार्टी की ओर से जारी संगठनात्मक सूची के मुताबिक सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी बनाया गया है। डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है। पी. वी. मोहन को आंध्र प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। भूपेश बघेल अब असम के प्रभारी के तौर पर काम करेंगे।
मुकुल वासनिक का पद बरकरार
कांग्रेस ने यह भी साफ किया है कि मुकुल वासनिक एआईसीसी महासचिव के पद पर पहले की तरह अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
पार्टी के मुताबिक, सभी नई नियुक्तियां कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।