लुधियाना, 22 फरवरी 2026: आज आम आदमी पार्टी (आप) के वॉलिंटियरो और नेताओं ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लुधियाना में काले झंडों से स्वागत किया। “पूर्वांचल सम्मान रैली” में शामिल होने पहुंचे सैनी का काफिला जैसे ही धुरी लाइन रेलवे ओवर ब्रिज से उतरा, ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा की कथित भेदभावपूर्ण नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
आतम नगर से ‘आप’ विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए मीडिया से कहा कि भाजपा ने हमेशा पंजाब के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब के स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास से जुड़े फंड रोकती है और फिर राज्य में आकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करती है। “पंजाब की जनता सब समझती है,” उन्होंने कहा।
इस मौके पर ‘आप’ के लोकसभा इंचार्ज शरणपाल सिंह मकड़ ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेता पंजाब में आकर किसान-विरोधी और व्यापार-विरोधी नीतियों पर पर्दा नहीं डाल सकते। उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर भ्रामक सवाल उठाकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ के जिला प्रधान लुधियाना शहरी जतिंदर खंगूड़ा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए भाजपा पर पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पंजाब देश में दूसरे स्थान पर है, जबकि हरियाणा में 2023 और 2024 के दौरान हत्या और अन्य अपराधों के मामले अधिक रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों पर कर्ज का बोझ उस समय बढ़ा जब भाजपा राज्य की सत्ता में थी।
‘आप’ नेताओं का कहना था कि हरियाणा सरकार को पंजाब में राजनीतिक लाभ लेने की बजाय अपने राज्य की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। वहीं भाजपा द्वारा आयोजित “पूर्वांचल सम्मान रैली” में मुख्यमंत्री सैनी के साथ पंजाब भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। हालांकि, कार्यक्रम स्थल के बाहर ‘आप’ कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया।
