जालंधर/वरुणः लोकसभा उपचुनाव को लेकर पंजाब में सियासी हलचल तेज है। कांग्रेस और आप पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी और अकाली दल ने अभी तक उक्त उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। बीजेपी कौन सा नेता चुनाव मैदान में उतरेगी इस पर अभी भी संशय बना हुआ है। इस बीच पंजाब के प्रभारी और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जालंधर उपचुनाव को लेकर अहम चर्चा हो सकती है। कयास लगाए जा रहे कि विजय रूपाणी और जेपी नड्डा के बीच इस मुलाकात में लोकसभा उम्मीदवार के बारे में भी बात की जा सकती है।
बता दें कि जालंधर लोकसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा था। जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन के बाद जालंधर लोकसभा सीट खाली हो गई थी। कांग्रेस ने इस सीट पर अपना दावा बरकरार रखने की सोच कर स्वर्गीय संतोख चौधरी की पत्नी करमजीत कौर को टिकट दिया है। वहीं अगर आम आदमी पार्टी की बात करें तो कांग्रेस छोड़कर पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक सुशील रिंकू को मैदान में उतारा गया है। पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने सुशील रिंकू को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पार्टी से निष्कासित कर दिया। जिसके बाद वह आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए।
