जालंधर: महानगर में बम ब्लास्ट मामले के बाद से पुलिस द्वारा हाई अलर्ट जारी किया हुआ है। इसके बावजूद चोरों और लुटेरों के हौसले इतने बुलंद है कि सरेआम घटनाओं को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं। ताजा मामला डॉक्टर बी.आर अंबेडकर चौक के पास से सामने आया है। जहां भगवान वाल्मीकि चौक के पास स्थित ज्वेलर्स शॉप से काम करके ऑटो में सवार महिला का बाइक सवार लुटेरा पर्स छीनकर फरार हो गया।
पीड़ित महिला के अनुसार पर्स में आईफोन, 5 हजार की नगदी और जरूरी दस्तावेज थे। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित पायल के पति कमल ने बताया कि उसकी पत्नी काम से घर लौट रही थी। इस दौरान डॉक्टर बीआर अंबेडकर चौक के पास बाइक सवार लुटेरा पत्नी का पर्स छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ने घटना को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है।
पीड़ित महिला ने घटना की सूचना पुलिस को देकर आईफोन का नंबर ट्रेस लगाने के लिए अपील की है। लेकिन पुलिस नंबर ट्रेस लगाने की बजाय परिजन से ही गलत व्यवहार करने लगी। अगर पुलिस समय पर फोन नंबर ट्रेस पर लगा लेती, तो शायद बाइक सवार कुछ दूरी पर ही पकड़ा जा सकता था। स्नैचर स्प्लेंडर पर सवार होकर आया था और उसने मुंह भी नहीं ढका हुआ था। हैरानी की बात है थाना 4 से कुछ दूरी पर स्नेचर लुटेरा घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।
