जालंधर, ENS: साईं दास स्कूल में वीरवार रात आयोजित होने वाले श्री बाला जी जागरण कार्यक्रम की तैयारियों को देर रात पुलिस द्वारा रुकवाने के आरोप को लेकर नेताओं ने जमकर हंगामा किया। कार्यक्रम स्थल पर पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, शैरी चड्ढा सहित कई नेता पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। शीतल अंगुराल ने आरोप लगाया कि श्री बाला जी के कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल शामिल होने वाले हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत पंडाल में लेबर लाइटें लगाने का काम कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लेबर को काम बंद करने के लिए कह दिया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में लेबर द्वारा कार्यक्रम आयोजकों और प्रबंधक कमेटी को सूचना दी गई, जिसके बाद कमेटी सदस्यों ने उनसे संपर्क किया। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि वह पूर्व विधायक के तौर पर नहीं, बल्कि एक हिंदू होने के नाते कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कष्ट निवारण मंदिर कमेटी द्वारा साईं दास स्कूल ग्राउंड में जागरण का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां चल रही थीं, लेकिन रात के समय पुलिस कार्यक्रम स्थल के अंदर पहुंच गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारियों ने लेबर को यह पास कहा कि यदि कन्हैया मित्तल कार्यक्रम आयोजित किया गया तो प्रबंधक कमेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। शीतल अंगुराल ने कहा कि कन्हैया मित्तल सनातन धर्म से जुड़े प्रसिद्ध गायक हैं और सरकार को इसी बात की चिंता है। उन्होंने दावा किया कि आयोजकों के पास कार्यक्रम से संबंधित सभी आवश्यक अनुमति मौजूद हैं, इसके बावजूद तैयारियों को रोकना गलत है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम की तैयारियों या आयोजन में आगे किसी प्रकार की रुकावट डाली गई तो वह इस मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाएंगे।

