जालंधर, ENS: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मोहाली स्थित गमाडा के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में तलब किया है। उन्हें जरूरी रिकॉर्ड के साथ जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, ईडी ऑफिस में संदीप कुमार के स्टाफ का पहुंचना शुरू हो चुका है और उनके हाथों में कई फाइले थे। बताया जा रहा है कि ईडी Aldus Estate Builders के बड़े प्रोजेक्ट्स की जांच कर रही है। जांच के दौरान CLU (चेंज ऑफ लैंड यूज) की अनुमति प्रक्रिया में कथित तौर पर नियमों में खामियां सामने आई हैं।
ईडी अधिकारियों द्वारा इस बात को लेकर पूछताछ की जाएगी कि संबंधित प्रोजेक्ट्स को CLU की मंजूरी किन आधारों पर दी गई और क्या प्रक्रिया के दौरान नियमों का पालन किया गया था। बता दें कि इको सिटी-3 समेत मुल्लांपुर क्षेत्र की कई विकास परियोजनाओं के लिए खरीदी गई जमीनों के रिकार्ड खंगालते हुए एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) ने ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के मुख्य प्रशासक संदीप कुमार को समन जारी किया था।
बता दें कि एजेंसी जमीन खरीद, मास्टर प्लान में बदलाव और बिल्डरों को कथित लाभ पहुंचाने के आरोपों की जांच को लेकर कार्रवाई की गई। यह समन बीती 8 और 9 मई को मोहाली, खरड़, न्यू चंडीगढ़ और चंडीगढ़ में रियल एस्टेट कंपनियों के 12 ठिकानों पर हुई छापेमारी के बाद जारी किया गया था। एजेंसी को संदेह है कि न्यू चंडीगढ़ मास्टर प्लान के तहत कुछ जमीनों के उपयोग में बदलाव कर निजी बिल्डरों को फायदा पहुंचाया गया।

